चंदौली। नियामताबाद क्षेत्र के ग्राम सभा रोहणा में प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्रीवाल निर्माण की मांग को लेकर रविवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। शुक्रवार को विद्यालय के समीप स्थित तालाब में डूबने से सात वर्षीय बालक की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है।ग्रामीणों का कहना है कि प्राथमिक विद्यालय के पास तालाब होने के बावजूद विद्यालय की बाउंड्रीवाल का निर्माण नहीं कराया गया है। बाउंड्री न होने से बच्चे आसानी से तालाब के पास पहुंच जाते हैं, जिससे हादसे का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों के अनुसार, वर्ष 2020 से कई बार संबंधित विभाग और अधिकारियों को बाउंड्री निर्माण के लिए अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।ग्रामीणों ने बताया कि तालाब में पहले भी तीन-चार हादसे हो चुके हैं। शुक्रवार को सात वर्षीय बालक की मौत के बाद ग्रामीणों ने विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तत्काल कदम उठाने की मांग की।प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्रीवाल का जल्द निर्माण कराने तथा तालाब के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

