चन्दौली। माननीय जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चन्दौली के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पूर्णकालिक सचिव श्रीमती निकिता गौड़ ने शनिवार, 29 अगस्त 2026 को ग्राम बिछिया कला स्थित राजकीय बाल गृह (शिशु) एवं विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अधिकरण का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान प्रबन्धक अरविन्द कुमार, नर्स अर्चना कुमारी, आया प्रियंका गौतम तथा गार्ड रामजनम राय सहित कुल चार कर्मचारी उपस्थित मिले। संस्था में 5 बालक एवं 4 बालिकाएं पाई गईं।सचिव ने बाल गृह की उपस्थिति पंजिका, बच्चों की स्वास्थ्य एवं चिकित्सा व्यवस्था, मेडिकल किट, खान-पान, सुरक्षा व्यवस्था तथा शौचालय आदि का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं उचित एवं समुचित पाई गईं।श्रीमती निकिता गौड़ ने लोगों से अपील की कि यदि कहीं कोई अनाथ या संकट में फंसा हुआ शिशु मिले तो उसे स्वयं रखने अथवा किसी अन्य व्यक्ति को सौंपने के बजाय तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, स्थानीय पुलिस या नजदीकी राजकीय बाल गृह को सूचित करें। उन्होंने कहा कि बच्चों का भविष्य सुरक्षित करना और उन्हें कानूनी रूप से सुरक्षित परिवार उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।


