धानापुर। शहीद हीरा सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय धानापुर में गुरुवार को युवा एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित ‘खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया गया। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेश को सुना।प्रधानमंत्री ने 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए युवाओं से खेलों में अधिक भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं और खिलाड़ियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ओलंपिक में भारत के पदकों की संख्या बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक खेलों में प्रतिभाग करना जरूरी है।उन्होंने वाटर स्पोर्ट्स और विंटर स्पोर्ट्स जैसे क्षेत्रों में नई प्रतिभाओं को तलाशने, आधुनिक तकनीक एवं बेहतर उपकरणों के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण देने पर जोर दिया। साथ ही युवाओं को नशे से दूर रहने और ‘प्ले स्टेशन से ज्यादा प्ले ग्राउंड’ को महत्व देने का संदेश दिया।कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. ध्रुव भूषण सिंह, खेल प्रभारी डॉ. नौशाद अहमद सहित छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

