चन्दौली: जिलाधिकारी ने नियामताबाद के संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया स्थलीय निरीक्षण

Must Read

ग्रामीणों को हर संभव मदद का आश्वासन, राहत व्यवस्था और पशुधन सुरक्षा पर दिए निर्देश

चन्दौली, 22 अगस्त 2026। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने शनिवार को विकासखंड नियामताबाद के संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों कुण्डा खुर्द, सुल्तानीपुर, सहजौर और कैली सहित तटीय इलाकों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने नदियों के कटान की समस्या से जिलाधिकारी को अवगत कराया। मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने एक्सईएन (बंधी) से फोन पर वार्ता कर प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही उप जिलाधिकारी पीडीडीयू नगर को विशेष जांच कमेटी गठित कर कटान प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय सर्वेक्षण कराने तथा रोकथाम के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संभावित बाढ़ को देखते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। प्रभावित लोगों के लिए भोजन, पेयजल और आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के साथ उनके चारे और पानी की समुचित व्यवस्था करने पर भी विशेष जोर दिया।

विद्यालय, सामुदायिक शौचालय और आरोग्य केंद्र का निरीक्षण

भ्रमण के दौरान जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत कुण्डा खुर्द स्थित प्राथमिक विद्यालय, सामुदायिक शौचालय और जन आरोग्य केंद्र का भी निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय में पठन-पाठन और साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक मिली।

वहीं, सामुदायिक शौचालय के निरीक्षण के दौरान अव्यवस्था और गंदगी मिलने पर जिलाधिकारी ने बीडीओ नियामताबाद और केयरटेकर को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने शौचालय को तत्काल व्यवस्थित कर चालू कराने के निर्देश दिए।

जन आरोग्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने इलाज करा रही महिलाओं से बातचीत कर स्वास्थ्य सुविधाओं का फीडबैक लिया। मरीजों ने डॉक्टरों की कार्यप्रणाली और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया।

निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी पीडीडीयू नगर, खंड विकास अधिकारी नियामताबाद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Latest News

20 साल से विकास की राह देख रहा मछरिया हसनपुर, बदहाल रास्तों से स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी

चंदौली। ग्राम सभा मछरिया हसनपुर में सड़क और रास्तों की बदहाली ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई...

More Articles Like This