पीडीडीयू नगर (चंदौली)। नगर की सड़कों पर घूम रहे छुट्टा और आवारा पशुओं के कारण बढ़ रही दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए शुक्रवार को नगर पालिका परिषद की ओर से अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर खुले में घूम रहे पशुओं को पकड़कर गौशाला भेजा गया।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (ईओ) धर्मराज सिंह ने बताया कि नगर के विभिन्न इलाकों से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बड़ी संख्या में छुट्टा पशु सड़कों पर घूम रहे हैं। इससे यातायात प्रभावित होने के साथ ही वाहन चालकों और राहगीरों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ था। खासकर मुख्य मार्गों और व्यस्त सड़कों पर पशुओं के अचानक सामने आने से हादसे की स्थिति उत्पन्न हो रही थी।
समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका की टीम ने शुक्रवार को अभियान चलाया और सड़कों पर घूम रहे छुट्टा पशुओं को पकड़कर सुरक्षित तरीके से गौशाला भेजा। अधिकारियों का कहना है कि अभियान का उद्देश्य पशुओं को दोबारा सड़कों पर आने से रोकना और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाना है।
ईओ धर्मराज सिंह ने बताया कि नगर में छुट्टा पशुओं के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने पशुओं को खुले में न छोड़ें। नगर पालिका की कार्रवाई से सड़कों पर आवारा पशुओं की संख्या कम करने के साथ संभावित सड़क दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

