चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर रेवशा के पास बुधवार की रात अज्ञात वाहन की टक्कर से एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, चंदौली कोतवाली क्षेत्र के नसीरपुर बसिला निवासी किशन यादव (26) पुत्र अक्षय लाल यादव ऑटो संख्या UP 67 BT 6406 चलाता था। बुधवार रात वह चंदौली से सवारी लेकर मुगलसराय की ओर जा रहा था। रेवशा के पास नेशनल हाईवे पर पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उसके ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल किशन यादव को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। यहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अलीनगर थाना प्रभारी गणराज सिंह ने बताया कि ऑटो में पीछे से अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी थी, जिससे हादसा हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

