चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधना मोड़ स्थित तालाब में 18 अगस्त को मिले युवक के शव की पहचान हो गई है। मृतक की शिनाख्त झारखंड के गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के मेरखोगुंडी खुर्द गांव निवासी 35 वर्षीय अजय कुमार के रूप में हुई है। अजय राजस्थान के जयपुर स्थित एक निजी फैक्ट्री में काम करता था और 17 अगस्त को ट्रेन से अपने घर के लिए निकला था।
मंगलवार को गोधना मोड़ के पास एक चाय की दुकान के पीछे स्थित तालाब में ग्रामीणों ने युवक का शव पानी में तैरता देखा था। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। अलीनगर थाना प्रभारी गगन राज सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और शव को तालाब से बाहर निकलवाया।
पुलिस के अनुसार, युवक की दोनों मुट्ठियां कसकर बंधी थीं और मुंह से झाग निकल रहा था। उसने जींस और बनियान पहन रखी थी। उसके हाथ में घड़ी, दाहिने हाथ में कलावा और कड़ा भी मिला था। परिस्थितियां संदिग्ध होने के कारण पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जांच के दौरान पुलिस को एक मोबाइल नंबर मिला, जिसके आधार पर मृतक के परिजनों से संपर्क किया गया। बुधवार सुबह परिजन चंदौली पहुंचे और शव की पहचान अजय कुमार के रूप में की। पहचान होते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों ने बताया कि अजय परिवार का मुख्य सहारा था।
अलीनगर पुलिस ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करा दी है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस अजय के जयपुर से गांव तक के सफर, कॉल डिटेल और अन्य परिस्थितियों की गहनता से जांच कर रही है। अजय की मौत कैसे हुई और वह गोधना मोड़ स्थित तालाब तक कैसे पहुंचा, यह अभी रहस्य बना हुआ है।

