चंदौली में अंतर्राज्यीय साइबर ठगी गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, 21 डेबिट कार्ड और डिजिटल साक्ष्य बरामद

Must Read

मुगलसराय स्टेशन क्षेत्र में साइबर सेल व पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, कई राज्यों की साइबर ठगी से जुड़े मिले सुराग

चंदौली। साइबर सेल चंदौली और मुगलसराय थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में अंतर्राज्यीय साइबर ठगी गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से 21 डेबिट कार्ड, चार मोबाइल फोन, दो बैंक पासबुक, कूटरचित आधार कार्ड सहित कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य बरामद हुए हैं।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुगलसराय रेलवे स्टेशन क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई। सूचना मिली थी कि एक युवक विभिन्न एटीएम से लगातार नकदी निकालने का प्रयास कर रहा है और उसके पास कई लोगों के डेबिट कार्ड मौजूद हैं। घेराबंदी कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अंकित कुमार पुत्र जशवंत सिंह, निवासी औरंगाबाद (बिहार) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से 21 विभिन्न बैंकों के डेबिट कार्ड, दो बैंक पासबुक, चार मोबाइल फोन, एक फर्जी आधार कार्ड, एक सक्रिय सिम, चार खाली सिम पैकेट तथा 1200 रुपये नकद बरामद किए गए।

जांच में सामने आया कि आरोपी के बैंक खातों से जुड़े मामलों में राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर महाराष्ट्र, राजस्थान, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना, बिहार, पंजाब और ओडिशा समेत विभिन्न राज्यों से कुल 10 साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं।

मोबाइल फोन की डिजिटल जांच में ऑनलाइन लेनदेन के रिकॉर्ड, छह व्हाट्सएप ग्रुप, दो ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफॉर्म और साइबर ठगी से संबंधित वीडियो भी मिले। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथी के साथ ऑनलाइन गेमिंग और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को अधिक लाभ का झांसा देकर निवेश कराता था और म्यूल खातों व डेबिट कार्डों के जरिए ठगी की रकम निकालता था।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश और बरामद डिजिटल साक्ष्यों का तकनीकी विश्लेषण जारी है।

Latest News

20 साल से विकास की राह देख रहा मछरिया हसनपुर, बदहाल रास्तों से स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी

चंदौली। ग्राम सभा मछरिया हसनपुर में सड़क और रास्तों की बदहाली ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई...

More Articles Like This