डीडीयू नगर। डीडीयू नगर स्थित आरवाई परिसर में कार्यरत वेल्डर, हेल्पर एवं अन्य श्रमिकों ने बुधवार को वेतन भुगतान में देरी, कम मजदूरी और सुरक्षा सुविधाओं की कमी के विरोध में ठेकेदार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। श्रमिकों का आरोप है कि पिछले करीब दो महीने से उन्हें वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे।
प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों ने बताया कि सरकार द्वारा वेल्डरों के लिए प्रतिदिन 600 से 700 रुपये तथा हेल्परों के लिए भी अधिक उचित मजदूरी का प्रावधान है, लेकिन ठेकेदार के माध्यम से उन्हें केवल 320 से 375 रुपये प्रतिदिन का भुगतान किया जा रहा है। उनका कहना है कि प्रत्येक माह की 10 तारीख को कार्य अवधि पूरी होने के बावजूद वेतन 50 दिन या उससे अधिक समय बाद मिलता है। श्रमिकों ने मांग की कि हर माह की 15 तारीख तक उनका वेतन सीधे बैंक खातों में भेजा जाए।
श्रमिकों ने कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि हेलमेट, सेफ्टी शूज़, दस्ताने और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपकरण समय पर उपलब्ध नहीं कराए जाते, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। उन्होंने सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और पर्याप्त सुरक्षा संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की।
श्रमिक प्रतिनिधि दीपक कुमार, कार्तिक यादव और गुलजार अली ने कहा कि वर्तमान मजदूरी में परिवार का भरण-पोषण करना बेहद कठिन हो गया है। उन्होंने हेल्परों का दैनिक वेतन कम से कम 500 रुपये तथा वेल्डरों का 700 से 800 रुपये प्रतिदिन किए जाने, समय पर वेतन भुगतान, सवैतनिक अवकाश और बेहतर कार्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।

धरना-प्रदर्शन में नंदलाल कुमार, अमित पटेल, जयकुमार यादव, रवि रावत, कुलभूषण, विष्णु अंसारी, इश्तियाक अहमद, पंकज यादव, सोनू, सुजीत यादव, सत्य यादव, नितिन, विक्की यादव, सरवन, बृजेश कुमार, जितेंद्र ठाकुर, मुन्ना ठाकुर, आकाश यादव, दिनेश यादव, दिलशाद अली, संदीप यादव, जुल्फिकार अली, देवेंद्र मलिक, बाबू और जय यादव सहित बड़ी संख्या में श्रमिक मौजूद रहे। श्रमिकों ने स्पष्ट कहा कि मांगें पूरी होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।

