चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र की जलीलपुर चौकी पर शनिवार को स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के स्कूली छात्र चौकी परिसर में एकत्र हुए और हाथों में तिरंगा लेकर ‘वंदे मातरम’, ‘इंकलाब जिंदाबाद’ और ‘जय हिंद’ के नारे लगाए। इससे पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
इस दौरान चौकी प्रभारी सहित चौकी पर तैनात सभी पुलिसकर्मी मौजूद रहे। पुलिसकर्मियों और छात्रों ने एक साथ राष्ट्रगान गाकर देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया। इसके बाद सभी ने एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। छात्रों में भी राष्ट्रीय पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।

बताया गया कि जलीलपुर चौकी पर पहली बार इस तरह का सामूहिक स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान के बारे में जानकारी दी।
स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में देशभक्ति, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।

