नियामताबाद। चंदौली के नियामताबाद क्षेत्र में खाद की उपलब्धता बेहतर होने से किसानों को बड़ी राहत मिली है। अब किसानों को खाद लेने के लिए घंटों लंबी कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ रहा है। पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध होने से किसान समय पर खेती-किसानी का कार्य पूरा कर पा रहे हैं। इससे फसल उत्पादन बेहतर होने की उम्मीद भी बढ़ी है।
क्षेत्र में खाद वितरण व्यवस्था पहले की अपेक्षा काफी सुचारु हुई है। किसान अपनी जरूरत के अनुसार आसानी से खाद प्राप्त कर रहे हैं, जिससे कृषि कार्य प्रभावित नहीं हो रहे हैं।

बरहुली निवासी किसान रामासरे दीपू ने खाद वितरण व्यवस्था पर संतोष जताया। उन्होंने बताया कि पहले खाद लेने के लिए किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। घंटों लंबी कतारों में इंतजार करने के बाद भी कई बार पर्याप्त मात्रा में खाद नहीं मिल पाती थी। इससे खेती का काम प्रभावित होता था।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में स्थिति काफी बेहतर है। किसानों को उनकी जरूरत के अनुसार खाद मिल रही है और पहले जैसी लंबी लाइनें भी नहीं लग रही हैं। उन्होंने खाद की बेहतर व्यवस्था के लिए सरकार की सराहना करते हुए कहा कि समय पर खाद मिलने से किसानों को खेती करने में काफी सहूलियत हो रही है।
किसान रामासरे दीपू ने सरकार से मांग की कि खाद की उपलब्धता की यह व्यवस्था आगे भी बनी रहे, ताकि किसानों को बुवाई और फसल की देखभाल के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। खाद वितरण व्यवस्था में सुधार से नियामताबाद क्षेत्र के किसानों में संतोष का माहौल है।

