जनसो गांव का रहने वाला था बालक, नई कोट नहर में दोस्त के साथ नहाने गया था

चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के लौदा चौकी अंतर्गत नई कोट नहर में नहाते समय 12 वर्षीय बालक डूब गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों व ग्रामीणों की मदद से खोजबीन शुरू कर दी। बालक का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।
जानकारी के अनुसार, जनसा गांव निवासी सावन कुमार (12) अपने एक दोस्त के साथ नई कोट नहर में नहाने गया था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव की चपेट में आकर डूबने लगा। उसके साथ मौजूद दोस्त ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन पानी के तेज बहाव के कारण वह सफल नहीं हो सका।
घटना की सूचना मिलते ही लौदा चौकी प्रभारी आशुतोष गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने तत्काल राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) को सूचना दी। इसके बाद स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की सहायता से सर्च अभियान शुरू कराया गया।

समाचार लिखे जाने तक सावन कुमार का कोई पता नहीं चल सका था। एनडीआरएफ, पुलिस और स्थानीय गोताखोर लगातार नहर में बालक की तलाश में जुटे हुए हैं।



