सकलडीहा, चंदौली। क्षेत्र के बसारिकपुर गांव में नवागत जिलाधिकारी शैलेष कुमार ने धान की फसल की क्रॉप कटिंग का निरीक्षण कर उत्पादन का आकलन किया। इस दौरान उन्होंने किसानों से संवाद करते हुए अपील की कि वे अपनी धान की उपज बिचौलियों के बजाय सीधे सरकारी क्रय केंद्रों पर बेचें।क्रॉप कटिंग के दौरान किसान विजय लाल यादव के खेत में 28.700 किलोग्राम तथा किसान बुद्धू प्रसाद यादव के खेत में 21.520 किलोग्राम धान का उत्पादन प्राप्त हुआ। इन आंकड़ों के आधार पर क्षेत्र में धान की औसत उत्पादकता 57.98 कुंतल प्रति हेक्टेयर आंकी गई।जिलाधिकारी ने बताया कि क्रॉप कटिंग के आंकड़े प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों को फसल क्षतिपूर्ति का उचित मुआवजा दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।इस अवसर पर उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह, तहसीलदार अभिजीत प्रताप सिंह, तहसीलदार सदर चंद्रगुप्त सागर, जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव, अपर जिला सांख्यिकीय अधिकारी संदीप पटेल सहित राजस्व विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय किसान उपस्थित रहे।

