चंदौली। अलीनगर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों और नशीली दवाओं की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 80 लीटर अवैध कोडीन युक्त कफ सिरप भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी 22 जुलाई को रिंग रोड स्थित कोरी अंडरपास के पास लावारिस खड़े ट्रक से 720 लीटर अवैध कोडीन एवं एस्कफ कफ सिरप बरामद होने के मामले से जुड़ी है। उस समय मुर्गी दाने की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई 72 पेटियों से भारी मात्रा में नशीला कफ सिरप बरामद किया गया था। मामले में अलीनगर थाने में एनडीपीएस एक्ट तथा औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान फिरोजाबाद निवासी दयाशंकर का नाम सामने आने पर पुलिस अधीक्षक ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर महादेवपुर रेलवे लाइन अंडरपास के पास घेराबंदी कर दयाशंकर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चार बोरियों में रखी 800-800 सीसी की शीशियों में कुल 80 लीटर अवैध कोडीन कफ सिरप बरामद हुआ।

पूछताछ में दयाशंकर ने बताया कि वह ट्रक चालक है और प्रयागराज से मुर्गी दाने की बोरियों के बीच अवैध कोडीन कफ सिरप लोड कर पश्चिम बंगाल ले जा रहा था। उसने स्वीकार किया कि पुलिस कार्रवाई के दौरान कुछ माल छिपा दिया गया था, जिसे लेने वह दोबारा मौके पर आया था। इसी दौरान पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बरामदगी के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए अभियुक्त को न्यायालय भेज दिया।



