चंदौली। सावन माह की शुरुआत से पहले ही चंदौली जिले के पंडित दीनदयाल उपाध्याय (पीडीडीयू) नगर में कांवड़ियों की भारी आवाजाही शुरू हो गई है। देश के विभिन्न राज्यों से आए श्रद्धालु बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के बाद झारखंड स्थित बाबा वैद्यनाथ धाम (देवघर) के लिए पैदल रवाना हो रहे हैं।
रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और नगर के प्रमुख मार्गों पर भगवा वस्त्र धारण किए कांवड़ियों की भीड़ से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया है। श्रद्धालुओं के जयकारों से नगर में धार्मिक उल्लास का माहौल बना हुआ है।
पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले से आए कांवड़ियों ने बताया कि वे अपने साथियों के साथ पहले काशी विश्वनाथ मंदिर में जलाभिषेक कर चुके हैं। अब गंगाजल लेकर पैदल यात्रा के माध्यम से बाबा वैद्यनाथ धाम पहुंचेंगे और वहां भगवान शिव का जलाभिषेक कर अपनी यात्रा पूर्ण करेंगे।
श्रद्धालुओं का कहना है कि यह यात्रा भगवान भोलेनाथ के प्रति अटूट आस्था, श्रद्धा और विश्वास का प्रतीक है। वहीं, पीडीडीयू नगर से गुजर रहे कांवड़ियों का स्थानीय लोग भी गर्मजोशी से स्वागत कर रहे हैं। जगह-जगह जलपान, पेयजल और विश्राम की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन भी कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर सतर्क है। आने वाले दिनों में सावन शुरू होने के साथ श्रद्धालुओं की संख्या में और बढ़ोतरी होने की संभावना है।


