पीडीडीयू नगर: नगर के मानस नगर स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय पर शनिवार को पार्टी के संस्थापक संरक्षक एवं पूर्व रक्षामंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि मनाई गई। इस दौरान पूर्व सांसद रामकिशुन यादव समेत पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने नेताजी के संघर्षपूर्ण जीवन और समाजवादी विचारधारा में उनके योगदान को याद किया।पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अपना पूरा जीवन गरीबों, किसानों, मजदूरों, पिछड़ों और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई में समर्पित कर दिया। उन्होंने हमेशा कमजोर वर्गों की आवाज बुलंद की और उन्हें सम्मान व अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष किया। नेताजी का सपना था कि विकास का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। सामाजिक समानता और सांप्रदायिक सद्भाव को मजबूत करने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। उनके विचार और जनहित में किए गए कार्य सदैव याद किए जाएंगे।पूर्व प्रमुख बाबूलाल ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने राजनीति को गांव, गरीब और किसानों के मुद्दों से जोड़ने का काम किया। उनके विचारों को आत्मसात करना और समाजवादी सिद्धांतों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।इस मौके पर प्रेमनाथ तिवारी, तेजबली यादव, सुरेश यादव, सभासद पारस यादव, संतोष कुमार, मुलायम सिंह यादव, रामसेवक यादव, राजकुमार कन्नौजिया, संजय कुमार, इंजमाम, श्यामलाल बिंद, डॉ. उदय, नंदन अशोक सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

