चंदौली। आगामी नवरात्रि, दुर्गापूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2026 को पुलिस लाइन सभागार में जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। इसमें त्योहारों के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई और जनसुविधाओं को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए।जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी संयुक्त रूप से संवेदनशील क्षेत्रों तथा प्रमुख आयोजन स्थलों का निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान मिलने वाली कमियों को तत्काल दूर कराया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।उन्होंने पूजा पंडालों, विसर्जन मार्गों और रावण दहन स्थलों पर विशेष साफ-सफाई तथा पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। सड़कों पर आवागमन बाधित न हो और दुर्घटनाओं की आशंका कम करने के लिए छुट्टा पशुओं के प्रबंधन पर भी जोर दिया गया।त्योहारों में मिलावटखोरी रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग को खोया, पनीर और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच अभियान चलाने तथा मिलावट मिलने पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।वहीं, एसपी आकाश पटेल ने स्पष्ट किया कि जिले में किसी भी नई परंपरा की शुरुआत की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने पूजा पंडालों में बिजली के तारों की जांच, मूर्ति विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग और रावण दहन स्थलों पर अग्निशमन के पुख्ता इंतजाम करने को कहा।बैठक में अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने की हिदायत दी गई। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया सहित सभी उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी और थानाध्यक्ष मौजूद रहे।

