चंदौली। ग्राम सभा मछरिया हसनपुर में सड़क और रास्तों की बदहाली ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सबसे अधिक कठिनाई स्कूली बच्चों को उठानी पड़ रही है, जिन्हें खराब रास्ते से होकर स्कूल आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है।ग्रामीणों के अनुसार क्षेत्र में रास्ते की स्थिति लंबे समय से खराब है। बरसात के दिनों में समस्या और गंभीर हो जाती है। गांव की महिलाओं का कहना है कि करीब 20 वर्षों से क्षेत्र में अपेक्षित विकास कार्य नहीं हो सका है, जिसके कारण आज भी ग्रामीणों को मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।ग्रामीणों का कहना है कि चुनाव के दौरान विकास के वादे किए जाते हैं और ग्राम प्रधान, जिला पंचायत तथा विधायक के चुनाव में मतदान भी किया जाता है, लेकिन चुनाव के बाद सड़क और रास्ते जैसी बुनियादी समस्याओं के समाधान की दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हो पाती।ग्रामीणों ने जिलाधिकारी चंदौली सहित संबंधित विभागीय अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से मामले का स्थलीय निरीक्षण कराकर सड़क व रास्ते की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि स्कूली बच्चों समेत ग्रामीणों को आवागमन में राहत मिल सके।ग्रामीणों में सोनी प्रजापति, हामिदा बानो, पैमबरी, फरजाना, दुर्गावती, रेखा, चिंता, चंदा, गुड़िया, रोली, अफसाना बेबी और मुन्नी शामिल रहीं।

