चंदौली। जिला कृषि अधिकारी विनोद कुमार यादव ने सोमवार को कीट एवं रोग सर्वेक्षण के दौरान सोहदवार ग्राम पंचायत में किसानों के धान के खेतों का निरीक्षण किया। उन्होंने किसान नरोत्तम विश्वकर्मा और अजय सिंह के खेतों का जायजा लिया।दोनों किसानों के खेतों में एमटीयू-7029 प्रजाति के धान की रोपाई की गई है। निरीक्षण के दौरान फसल में कल्ले एवं फुटाव अच्छा पाया गया, लेकिन कुछ स्थानों पर शीथ ब्लाइट रोग के साथ तना छेदक कीट का प्रकोप भी मिला।जिला कृषि अधिकारी ने किसानों को रोग से बचाव के लिए अनुशंसित फफूंदनाशक दवाओं का निर्धारित मात्रा में प्रति एकड़ छिड़काव करने की सलाह दी। वहीं तना छेदक कीट के नियंत्रण के लिए क्लोरेन्ट्रानिलीप्रोल आधारित दवा के प्रयोग की जानकारी दी गई।उन्होंने किसानों को समय रहते फसल में कीट एवं रोग की पहचान कर नियंत्रण के उपाय अपनाने की सलाह दी, ताकि संभावित नुकसान को कम किया जा सके। निरीक्षण के दौरान मनीष सिंह, रामसूरत, रामजन्म मौर्य, सत्येंद्र सिंह और राजेश मौर्या सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

