चंदौली। अलीनगर थाना पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने अंतर्राज्यीय शराब तस्करी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 1.20 करोड़ रुपये कीमत की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने सिन्धीताली पुल के पास एनएच-19 पर चेकिंग के दौरान एक ट्रक से 775 पेटी में कुल 6,935 लीटर शराब बरामद करते हुए पांच तस्करों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार चेकिंग के दौरान ट्रक संख्या UP22AT0085 को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि चालक ने पुलिस टीम पर ट्रक चढ़ाने का प्रयास किया। इसके बाद टीम ने घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया। तलाशी लेने पर ट्रक में 70 बोरी जेके सुपर पुट्टी के नीचे अलग-अलग ब्रांड की शराब छिपाकर रखी मिली।
बरामद शराब की बोतलों पर ‘फॉर सेल इन यूटी चंडीगढ़ ओनली’ लिखा था, जबकि उनके बारकोड खुरचे हुए थे। पुलिस ने शराब तस्करी में इस्तेमाल ट्रक के अलावा DL7CZ5159 नंबर की ब्रेजा कार भी बरामद की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार निवासी गुलाम मुस्तफा, शेख खालिद और साबिर आलम, झारखंड निवासी रजाउद्दीन तथा ओडिशा निवासी ओम चिनमय पंडा के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि दिल्ली और चंडीगढ़ से सस्ती शराब खरीदकर बिहार में ऊंचे दाम पर बेचने के लिए ले जाई जा रही थी। पुलिस के मुताबिक ब्रेजा कार सवार आरोपी आगे चलकर ट्रक को पुलिस की लोकेशन की जानकारी दे रहे थे। कार से पांच एटीएम कार्ड भी बरामद किए गए हैं।
सिन्धीताली पुल पर पकड़ी गई 1.20 करोड़ की शराब, पांच तस्कर गिरफ्तार
Must Read

