चंदौली, 19 सितंबर। चकिया तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने जन शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। डीएम और एसपी आकाश पटेल की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में कुल 42 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 7 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया और 5 मामलों में जांच के लिए टीमें गठित की गईं।डीएम ने जमीनी विवाद, अवैध कब्जे, भूमि पैमाइश, जल निकासी और क्षतिग्रस्त सड़कों से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण सिर्फ कागजों पर नहीं, बल्कि धरातल पर गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से होना चाहिए।डीएम ने चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या फर्जी आख्या मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, ईशापुर कला के सामुदायिक शौचालय के केयरटेकर के मानदेय भुगतान की शिकायत पर डीपीआरओ ने जांच की। जांच में पूर्व सचिव की लापरवाही सामने आने पर वर्तमान सचिव और ग्राम प्रधान को बकाया भुगतान जल्द कराने के निर्देश दिए गए।


