पीडीडीयू नगर। पीडीडीयू नगर रेलवे स्टेशन परिसर में मंगलवार रात दो युवकों के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में एक युवक दूसरे युवक को डंडे से पीटता हुआ दिखाई दे रहा है। घटना डीलक्स शौचालय के पास की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक डीलक्स शौचालय के समीप स्थित चाय की दुकान पर काम करते हैं। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान एक युवक ने डंडा उठाकर दूसरे पर हमला कर दिया।
वायरल वीडियो में युवक द्वारा डंडे से लगातार हमला करते हुए देखा जा सकता है। काफी देर तक चले विवाद के कारण स्टेशन परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि मारपीट की घटना आरपीएफ चौकी के ठीक सामने हुई, जिससे रेलवे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों युवकों को अलग कराया, जिसके बाद मामला शांत हुआ। घटना के संबंध में रेलवे या आरपीएफ की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। वायरल वीडियो के आधार पर संबंधित पुलिस या आरपीएफ द्वारा मामले की जांच की जा सकती है।

