अलीनगर। चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र की जफरपुर चौकी अंतर्गत गोधना के समीप बुधवार को एनएच-19 पर हाइवा और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। हालांकि राहत की बात रही कि दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालक सुरक्षित बच गए और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
बताया गया कि बिहार की ओर से आ रहा हाइवा गोधना के समीप रिफाइन लदे ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
वहीं, एनएचएआई की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई। टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने की कार्रवाई शुरू की, जिससे यातायात को सामान्य किया जा सके।
पुलिस के अनुसार हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। दोनों चालक पूरी तरह सुरक्षित हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

