सकलडीहा। सकलडीहा विकास खंड की सकलडीहा ग्राम पंचायत में स्वच्छ भारत मिशन के कार्यान्वयन पर सवाल उठ रहे हैं। गांव के भीतर की स्थिति तो दूर, ग्राम सचिवालय के मुख्य गेट पर ही गंदगी का अंबार लगा हुआ है। इससे ग्रामीण स्वच्छता व्यवस्था को लेकर नाराज हैं।ग्रामीणों का आरोप है कि लाखों रुपये की लागत से खरीदे गए कूड़ेदान ग्राम प्रधान द्वारा ग्राम सचिवालय के अंदर बंद करवा दिए गए हैं। कूड़ेदान उपलब्ध नहीं होने के कारण लोग खुले में कूड़ा फेंकने को मजबूर हैं, जिससे सचिवालय के आसपास गंदगी बढ़ती जा रही है।सकलडीहा ग्राम पंचायत का ग्राम सचिवालय लाखों रुपये खर्च कर मॉडल के रूप में विकसित किया गया है। वहीं केंद्र और प्रदेश सरकार के साथ जिला प्रशासन की ओर से स्वच्छता को लेकर लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। ऐसे में ग्राम सचिवालय के मुख्य गेट पर फैली गंदगी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है।ग्रामीणों यशवंत, दुलारे, सियाराम और सिकंदर का कहना है कि उन्होंने कई बार ग्राम प्रधान से गंदगी साफ कराने और कूड़ेदान उपलब्ध कराने की शिकायत की, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने जिम्मेदार अधिकारियों से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।इस संबंध में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) आर. जगत साई ने बताया कि सकलडीहा ग्राम पंचायत से संबंधित कई शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि वह स्वयं मामले की जांच करेंगे और जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

