चंदौली। जिले में हुई भारी बारिश के कारण अलीनगर वार्ड नंबर 9 में जलभराव की समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने शनिवार को मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण किया। जलभराव की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई और तत्काल प्रभाव से जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के ईओ ने बताया कि पम्प लगाकर पानी की निकासी कराई जा रही है। हालांकि, स्थायी जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण समस्या बनी हुई है। जीटी रोड के नीचे से गुजरने वाली क्रॉस पुलिया और मुख्य नाला खराब होने के कारण बारिश का पानी वार्ड में जमा हो रहा है।जिलाधिकारी ने जल निकासी के लिए पम्पों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन राजेश कुमार को खराब नाले और क्रॉस पुलिया के निर्माण कार्य को जल्द शुरू कराने के सख्त निर्देश दिए।डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि जलभराव की समस्या के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए तत्काल और स्थायी दोनों स्तर पर प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।


