चहनियां। बलुआ थाना क्षेत्र के मथेला गांव में सोमवार दोपहर दर्दनाक हादसे में सगे भाई-बहन की नहर में डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान 10 वर्षीय क्षितिज कुमार और 4 वर्षीय साक्षी के रूप में हुई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया,जबकि पूरे गांव में मातम छा गया।बताया गया कि छुट्टी होने के बाद दोनों बच्चे घर पर बस्ता रखकर नहर किनारे पेड़ पर लगे झूले के पास गए थे। साक्षी झूला झूल रही थी, जबकि उसका भाई क्षितिज झूला झुला रहा था। इसी दौरान साक्षी का हाथ छूट गया और वह नहर में जा गिरी। बहन को बचाने के प्रयास में क्षितिज भी नहर में चला गया।दोनों को डूबता देख उनकी छह वर्षीय बहन लक्ष्मी दौड़कर घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीण मौके पर पहुंचे और लबालब भरी नहर में बच्चों की तलाश शुरू कर दी। करीब आधे घंटे बाद साक्षी का शव बरामद हुआ, जबकि लगभग डेढ़ घंटे की तलाश के बाद क्षितिज का शव मिला।सूचना पर पहुंची बलुआ पुलिस दोनों बच्चों को चहनियां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।घटना की जानकारी पर विधायक प्रभु नारायण सिंह भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को अवगत कराया। उन्होंने एसडीएम से पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराने के साथ पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।दो मासूमों की मौत से पिता गोबिंद कुशवाहा, मां गौरा देवी, दादा रामदुलार और दादी कुसुम लता समेत पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।


