शहाबगंज। चंदौली जिले के शहाबगंज थाना क्षेत्र के किड़हिरा गांव में शनिवार को दर्दनाक हादसा हो गया। कुएं में खराब समरसेबल निकालने के लिए उतरे चार लोग कथित तौर पर जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए। हादसे में तीन लोगों की मौत की सूचना है, जबकि एक व्यक्ति का अस्पताल में उपचार चल रहा है।
मृतकों की पहचान जमाल, तौकीर आलम और वारिस अली के रूप में बताई जा रही है। वहीं शमसेर को गंभीर हालत में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि कुएं में खराब पड़े समरसेबल को निकालने के लिए चारों लोग बारी-बारी से कुएं में उतरे थे। इसी दौरान अचानक जहरीली गैस की चपेट में आने से सभी बेहोश हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। कुएं के अंदर जहरीली गैस होने की आशंका को देखते हुए बचाव कार्य में विशेष सावधानी बरती गई।
हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के कारणों और मृतकों की संख्या को लेकर प्रशासन की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी की प्रतीक्षा है।

