चंदौली। सकलडीहा रेलवे स्टेशन के बाहर रखे ड्रम से सिग्नलिंग केबल चोरी करने के मामले में सकलडीहा पुलिस ने तीन शातिर चोरों और चोरी का माल खरीदने वाले एक कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 26 मीटर 12-कोर सिग्नलिंग केबल, आरी, दो मोबाइल फोन और एक पल्सर बाइक बरामद की है। बरामद केबल की अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 10 अगस्त की रात सकलडीहा रेलवे स्टेशन के बाहर रखे ड्रम से अज्ञात चोर करीब 25-30 मीटर 12-कोर सिग्नलिंग केबल चोरी कर ले गए थे। मामले में रेलवे के एसआईएम रामनरायन राय की तहरीर पर सकलडीहा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 163/2026 के तहत धारा 303(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।
चतुर्भुजपुर बाजार से हुई गिरफ्तारी
उच्चाधिकारियों के निर्देशन में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान 12 अगस्त की रात करीब दो बजे चतुर्भुजपुर बाजार से घटना में शामिल तीन आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) और 317(4) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
आरी से काटकर चुराया था केबल
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने 10 अगस्त की रात रेलवे स्टेशन के बाहर रखे ड्रम से हेक्सा ब्लेड की मदद से सिग्नल केबल काटकर चोरी किया था। इसके बाद केबल को पल्सर बाइक से बेचने के लिए कबाड़ी बनारसी चौहान के पास लेकर पहुंचे थे।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- दिनेश कुमार राय उर्फ दिलीप, 23 वर्ष, निवासी दिघवट, थाना चंदौली।
- दिलीप राय, 20 वर्ष, निवासी दिघवट, थाना चंदौली।
- रोहित राय, 28 वर्ष, निवासी दिघवट, थाना चंदौली।
- बनारसी चौहान, 48 वर्ष, निवासी चतुर्भुजपुर, थाना सकलडीहा, चोरी का माल खरीदने का आरोपी।
यह सामान हुआ बरामद
- करीब 26 मीटर 12-कोर सिग्नलिंग केबल, कीमत लगभग ₹80 हजार
- एक हेक्सा ब्लेड (आरी)
- दो एंड्रॉइड मोबाइल फोन
- एक पल्सर मोटरसाइकिल, नंबर UP67AP5880
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष भूपेन्द्र कुमार निषाद, उपनिरीक्षक जगदीश यादव, उपनिरीक्षक जयप्रकाश दूबे और कांस्टेबल प्रश्विन दूबे शामिल रहे।

