चंदौली। स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने ‘मिशन सेफ फ्यूचर 2.0’ अभियान शुरू किया है। अभियान के पहले दिन ही परिवहन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए दो स्कूली वाहनों को सीज कर दिया, जबकि पांच अन्य वाहनों का चालान काटा गया। यह कार्रवाई पीटीओ अनीता वर्मा के नेतृत्व में टीम ने की।
अभियान 11 से 25 अगस्त तक चलाया जाएगा। अभियान शुरू होने से पहले कलेक्ट्रेट में जिला विद्यालय यान सुरक्षा समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में एडीएम राजेश कुमार ने अधिकारियों को स्कूली वाहनों की सघन जांच करने के निर्देश दिए।

एडीएम ने स्पष्ट किया कि बिना फिटनेस, ओवरस्पीडिंग और निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर चलने वाले वाहनों को सीज किया जाएगा। इसके साथ ही स्कूली वाहन चालकों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाने वाले चालकों का लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाए। स्कूली बसों में सीसीटीवी कैमरा, जीपीएस, फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशामक यंत्र की उपलब्धता भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।
एडीएम राजेश कुमार ने कहा कि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में स्कूल प्रशासन की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने एआरटीओ को प्रतिदिन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

