पीडीडीयू नगर। देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के उद्देश्य से बुधवार को पीडीडीयू नगर के सरेसर काली मंदिर से चकिया तिराहा (गंजी प्रसाद तिराहा) तक भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष राजेश कुमार द्विवेदी ने किया। यात्रा में सैकड़ों लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस दौरान ‘मेरी शान तिरंगा है, मेरी मान तिरंगा है’ के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। राजेश कुमार द्विवेदी ने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों की स्मृति में यह तिरंगा यात्रा निकाली गई है। उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए युवाओं से देश की एकता और अखंडता के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि जाति और धर्म से बढ़कर देश है। पहले देश है, उसके बाद जाति और धर्म आते हैं। यदि देश ही सुरक्षित और मजबूत नहीं रहेगा तो जाति-धर्म का कोई महत्व नहीं रह जाएगा। इसलिए सभी लोगों को आपसी भेदभाव भुलाकर राष्ट्रहित में एकजुट रहना चाहिए।

तिरंगा यात्रा में डॉ. अनिल विश्वकर्मा, मोहम्मद सोहराब अली, रोहित तिवारी, डॉ. चंदन जायसवाल, धीरज सिंह, पंकज गुप्ता, शुभम पाठक, रवि तिवारी, मनीष द्विवेदी, विक्की कुमार, मनोज कुमार गौड़, रिजवान कोच सहित सैकड़ों लोग शामिल रहे।

