इलिया। सैदूपुर स्थित एक लॉन परिसर में बुधवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल का चुनाव मतदान और मतगणना के साथ संपन्न हुआ। देर शाम तक चली मतगणना में अध्यक्ष पद पर चंदन सेठ और महामंत्री पद पर रोहित मौर्या ने जीत दर्ज की। वहीं धर्मेंद्र गुप्ता कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचित हुए।
मुख्य चुनाव अधिकारी एवं प्रदेश मंत्री चंदेश्वर जायसवाल की देखरेख में दोपहर दो बजे तक मतदान कराया गया। कुल 429 व्यापारी मतदाताओं में से 397 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
अध्यक्ष पद के चुनाव में चंदन सेठ को 264 मत, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी मनोज गुप्ता को 115 मत मिले। चंदन सेठ ने 149 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। महामंत्री पद पर रोहित मौर्या को 238 मत, जबकि रोहित केशरी को 136 मत प्राप्त हुए। रोहित मौर्या ने 102 मतों के अंतर से विजय हासिल की।
परिणाम घोषित होते ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। व्यापारियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का स्वागत कर उन्हें बधाई दी। व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी व्यापारियों की समस्याओं को मजबूती से उठाकर उनके हितों की आवाज बनेगी।
चुनाव संचालन अधिकारियों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष चंदन सेठ, महामंत्री रोहित मौर्या और निर्विरोध निर्वाचित कोषाध्यक्ष धर्मेंद्र गुप्ता को प्रमाण पत्र प्रदान कर दायित्व सौंपे। इस दौरान अशोक केशरी, राकेश मोदनवाल, मनोहर केशरी, आलोक जायसवाल, महमूद आलम, सत्य प्रकाश गुप्ता और लक्ष्मण वर्मा समेत बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।

