चंदौली: जिलाधिकारी ने राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान का किया शुभारंभ, छात्राओं को खिलाई एल्बेंडाजोल की गोली

Must Read

चंदौली, 10 अगस्त 2026। जनपद में बच्चों और किशोर-किशोरियों को कृमि संक्रमण से बचाने के लिए राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज, चंदौली में हरी झंडी दिखाकर अभियान की शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने स्कूली छात्राओं को स्वयं एल्बेंडाजोल की गोली खिलाई।

स्वास्थ्य विभाग और शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित अभियान का उद्देश्य 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों और किशोर-किशोरियों को पेट के कीड़ों से होने वाले संक्रमण से बचाना है। अभियान के तहत जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं को एल्बेंडाजोल की दवा खिलाई गई।

जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी सरकारी व गैर-सरकारी विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और मदरसों में अध्ययनरत बच्चों तक दवा की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जो बच्चे किसी कारणवश सोमवार को दवा नहीं खा पाएंगे, उन्हें मॉप-अप दिवस पर दवा खिलाई जाएगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि कृमि संक्रमण से बच्चों में कुपोषण और एनीमिया की समस्या हो सकती है। इसका असर बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास पर भी पड़ता है। नियमित रूप से कृमि मुक्ति की दवा लेने से बच्चों का स्वास्थ्य बेहतर रहेगा और पढ़ाई में उनकी एकाग्रता भी बढ़ेगी।

उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों से बच्चों को स्वच्छता, साफ-सफाई और नियमित रूप से हाथ धोने के प्रति जागरूक करने की अपील की।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, विद्यालय की प्रधानाचार्या, शिक्षकगण सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Latest News

20 साल से विकास की राह देख रहा मछरिया हसनपुर, बदहाल रास्तों से स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी

चंदौली। ग्राम सभा मछरिया हसनपुर में सड़क और रास्तों की बदहाली ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई...

More Articles Like This