चंदौली। पीडीडीयू नगर क्षेत्र के अलीनगर गांव की मुख्य सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वर्षों से सड़क की न तो मरम्मत कराई गई है और न ही इसका पुनर्निर्माण हुआ है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की जर्जर हालत सबसे अधिक दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और बुजुर्गों के लिए खतरा बन गई है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता, जिसके चलते आए दिन बाइक और साइकिल सवार फिसलकर घायल हो रहे हैं।
स्थानीय निवासी फ़िरोज़, राजेश, लालू, प्रमोद, रियाज़, दीपू सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक सड़क की मरम्मत या निर्माण के लिए कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।

ग्रामीणों के अनुसार, अलीनगर गांव की यह सड़क आसपास के कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। इसके बावजूद सड़क की अनदेखी से लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जनहित को देखते हुए सड़क की तत्काल मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके तथा संभावित दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

