सकलडीहा, चंदौली। क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय रेवसा झंडा में भवन के अभाव में करीब 80 बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यालय का जर्जर भवन करीब एक वर्ष पहले ठेकेदार के माध्यम से ध्वस्त करा दिया गया था, लेकिन अब तक नए भवन का निर्माण नहीं हो सका है। इसके चलते पांच कक्षाओं का संचालन एक ही कमरे में करना पड़ रहा है।विद्यालय में कुल 80 बच्चों का नामांकन है। शिक्षण कार्य के लिए इंचार्ज प्रधानाध्यापक विपिन कुशवाहा, सहायक अध्यापक रितु कुमारी, हेमलता वर्मा, शिक्षामित्र अक्षय लाल और सुनीता समेत पांच शिक्षक कार्यरत हैं। बावजूद इसके कमरों की कमी के कारण एक ही कमरे में अलग-अलग कक्षाओं के बच्चों को बैठाकर पढ़ाना पड़ रहा है।एक साथ कई कक्षाओं के संचालन से बच्चों और शिक्षकों दोनों को परेशानी हो रही है। गर्मी, उमस और भीड़ के बीच पठन-पाठन प्रभावित होने से अभिभावकों में भी नाराजगी है। अभिभावकों का कहना है कि बच्चों की शिक्षा प्रभावित होने के कारण कई लोग उनका दूसरे विद्यालयों में नामांकन कराने को मजबूर हो रहे हैं।इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी कृष्ण मोहन तिवारी ने बताया कि विद्यालय भवन निर्माण के लिए शासन को डिमांड भेजी गई है। बजट स्वीकृत होते ही भवन निर्माण कराकर विद्यालय में पठन-पाठन सुचारू कराया जाएगा।

