चंदौली। जातिगत टिप्पणी के आरोप से जुड़े मामले में मुगलसराय कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है। कार्रवाई एक वायरल वीडियो के बाद हुई, जिसमें सुनील पटेल ने थाने में मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी किए जाने का आरोप लगाया था।मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर ने प्रारंभिक जांच की। पुलिस के अनुसार, सुनील पटेल एक महिला की हत्या से जुड़े मामले में पैरवी के लिए थाना परिसर पहुंचे थे। पुलिस का कहना है कि मामले में पहले से जांच चल रही थी और संबंधित पक्ष को कार्रवाई की जानकारी दी जा चुकी थी।आरोप है कि इसके बावजूद सुनील पटेल ने थाना परिसर में अभद्र व्यवहार करते हुए पुलिस पर दबाव बनाने का प्रयास किया। इस दौरान उनके खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई। इसी दौरान उनकी नाक में चोट लगने से खून बहने की बात भी सामने आई।प्रारंभिक जांच में सुनील पटेल द्वारा लगाए गए जातिगत टिप्पणी के आरोप की पुष्टि नहीं हुई है। हालांकि, मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। इसी क्रम में मुगलसराय कोतवाली प्रभारी विजय प्रताप सिंह को लाइन हाजिर किया गया है।अधिकारियों के अनुसार, विभागीय जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी एवं विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

