रोहणा। चंदौली जिले के नियामताबाद विकासखंड के ग्राम सभा रोहणा स्थित प्राथमिक विद्यालय से सटे तालाब में सात वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। प्रशासन के निर्देश पर विद्यालय की क्षतिग्रस्त चहारदीवारी की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया गया है।बताया जाता है कि पिछले वर्ष आई बाढ़ के दौरान प्राथमिक विद्यालय की चहारदीवारी क्षतिग्रस्त होकर गिर गई थी। इसके बाद विद्यालय परिसर और तालाब के बीच सुरक्षा व्यवस्था कमजोर हो गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि चहारदीवारी टूटने के कारण बच्चों के तालाब के पास पहुंचने का खतरा बना रहता था। छोटे बच्चे अक्सर शौच आदि के लिए तालाब की ओर चले जाते थे। ऐसे में फिसलकर तालाब में गिरने की आशंका बनी रहती थी।हाल ही में नानी के घर घूमने आए सात वर्षीय बच्चे की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में चिंता और आक्रोश का माहौल रहा। लोगों ने विद्यालय के पास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और टूटी चहारदीवारी की मरम्मत कराने की मांग उठाई।इस मामले को दैनिक भास्कर ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर प्रकाशित होने के बाद जिला प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए विद्यालय की चहारदीवारी की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। इसके बाद अब निर्माण कार्य शुरू हो गया है।ग्राम प्रधान प्रतिनिधि विश्वजीत ने बताया कि पिछले वर्ष बाढ़ में चहारदीवारी गिर गई थी। प्रशासन के निर्देश का पालन करते हुए मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यालय परिसर की सुरक्षा मजबूत करना और बच्चों को तालाब की ओर जाने से रोकना है, ताकि भविष्य में ऐसी अप्रिय घटना दोबारा न हो।

