चहनियां। महाकपालिक योगी राज अघोरेश्वर बाबा कीनाराम जी की जन्मस्थली एवं तपस्थली रामगढ़ में चल रहे 427वें जन्मोत्सव के दूसरे दिन शुक्रवार को श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ा। सुबह से ही दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की कतार लगी रही। मठ परिसर सहित आसपास करीब पांच किलोमीटर क्षेत्र में भक्ति का माहौल रहा और ‘हर-हर महादेव’ व ‘बाबा कीनाराम जी की जय’ के जयघोष गूंजते रहे।सुबह आठ बजे से मोहनभोग प्रसाद वितरण शुरू हुआ, जो दोपहर एक बजे तक चला। इसके बाद अन्नपूर्णा भवन में श्रद्धालुओं के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। शाम तीन बजे से रात नौ बजे तक पुनः प्रसाद वितरण हुआ। मेले में बच्चों ने झूला-चरखी का आनंद लिया, जबकि महिलाओं ने मिष्ठान, चाट-पकौड़ी सहित अन्य दुकानों पर खरीदारी की।सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समांआरती के बाद सुबह नौ से 11 बजे तक रामायण पाठ हुआ। इसके बाद मां खंडवारी देवी इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विभिन्न कलाकारों ने भोजपुरी गीतों और भजनों से श्रद्धालुओं का मनोरंजन किया। लालजी सिंह गर्ल्स इंटर कॉलेज रामगढ़ की छात्राओं आंचल, स्नेहा, कुमुद, नंदिनी सहित अन्य ने बाबा कीनाराम के जन्मोत्सव पर सोहरगीत प्रस्तुत किया।शाम चार से छह बजे तक संगोष्ठी हुई, जिसमें विकास सिंह, देवब्रत चौबे, डॉ. सुबेदार सिंह और अशोक पांडेय ने बाबा कीनाराम के जीवन, साधना और अघोर परंपरा में योगदान पर प्रकाश डाला। रात में कव्वाली कार्यक्रम में राकेश यादव, वसीम बारसी और नाज बारसी ने प्रस्तुतियां दीं।


