इलिया। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने खिलची-रजडीहा गांव के गरीब परिवारों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बारिश के चलते कमजोर हुए कच्चे मकान एक-एक कर धराशायी हो गए। सात परिवारों के आशियाने गिरने से उनके सामने रहने और गृहस्थी बचाने का संकट खड़ा हो गया है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि मकान गिरने के दौरान कोई जनहानि नहीं हुई।मकान गिरने की सूचना मिलने पर गुरुवार को तहसीलदार देवेंद्र यादव गांव पहुंचे। उन्होंने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त मकानों का स्थलीय निरीक्षण किया और राजस्व कर्मियों के साथ नुकसान का सत्यापन किया। तहसीलदार ने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर बारिश से हुई क्षति और उनकी वर्तमान स्थिति की जानकारी भी ली।बताया गया कि लगातार बारिश के कारण अजय, सत्येंद्र, संगीता, माता प्रसाद, रामदुलारी, अंतू और प्रभा के कच्चे मकान गिर गए। मकानों के मलबे में गृहस्थी का सामान दबने से परिवारों की परेशानी और बढ़ गई है। वर्षों से जिन मकानों में परिवार रह रहे थे, वे बारिश के पानी और लगातार नमी के कारण कमजोर होकर जमीन पर आ गिरे।तहसीलदार देवेंद्र यादव ने पीड़ित परिवारों को भरोसा दिलाया कि स्थलीय सत्यापन के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पात्र परिवारों को शासन द्वारा संचालित राहत एवं आवास संबंधी योजनाओं का लाभ दिलाने का भी प्रयास किया जाएगा।प्रशासनिक टीम के आश्वासन के बाद प्रभावित परिवारों को कुछ राहत की उम्मीद जगी है। वहीं ग्रामीणों ने बारिश के बीच कमजोर कच्चे मकानों में रह रहे अन्य परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए प्रशासन से समय रहते आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।इस दौरान विजय शंकर उर्फ बाबिल सिंह, दिनेश कुमार, सत्येंद्र सहित राजस्व कर्मी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

