चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के कटरिया गांव में एक दंपति कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति बेहोशी की हालत में मिला। पुलिस ने पति को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। प्रथम दृष्टया कमरे में अगीठी जलने की बात सामने आई है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

जानकारी के अनुसार, दंपति करीब एक सप्ताह से कटरिया गांव निवासी सुरेंद्र नारायण सिंह के मकान में किराए पर कमरा लेकर रह रहा था। दोनों कटरिया स्थित इंडियन ऑयल के सामने पूड़ी-सब्जी का ठेला लगाकर गुजर-बसर करते थे। बताया जा रहा है कि 13 अगस्त की देर रात दोनों कमरे में अगीठी जलाकर सो गए थे।
सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने और अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर आसपास के लोगों को संदेह हुआ। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना जफरपुर चौकी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर कमरे में दाखिल हुई। अंदर पत्नी मृत अवस्था में पड़ी मिली, जबकि पति बेहोशी की हालत में था।
पुलिस ने तत्काल पति को नियामताबाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल पति का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मृतका की पहचान रानी देवी (19) पत्नी आकाश कुमार, निवासी सुल्तानपुर रामनगर, वाराणसी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मौके पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची और साक्ष्य जुटाए।
क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि पति की हालत नाजुक है और उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पत्नी की मौत हो गई है। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।

